रविवार, 2 दिसंबर 2012

निश्चय

कमरे में बैठा रानू छत को अपलक निहार रहा है. मन में सवालों के बाढ़ उमड़ घुमड़ रहे हैं. कई रातों से सोया नहीं था फिर भी उसे नींद नहीं आ रही थी. दो दिन से कुछ खाया भी नहीं... खाना बना कर सोचा था कि खायेगा, लेकिन अब भूख भी नहीं थी. मोबाइल हाथ में लिए उसे उछाल रहा है...अचानक घंटी बजती है...बजती ही रहती है.. कई बार बजने के बाद मोबाइल मूक बन गया था...थोड़ी देर बाद फिर जब मोबाइल की घंटी बजने लगी तो उसने उठाकर देखा. माँ का फोन था. उसने बात कर लेना ही मुनासिब समझा. माँ से बात करने के बाद वह और शिथिल हो गया. शायद उनकी तबियत ठीक नहीं थी. थोड़ी देर बाद बिस्तर से उठा और बाहर सिगरेट पीने बैठ गया.
रानू के हालात ठीक नहीं थे. जिंदगी का हर क़दम पर वह अब तक जिस शाइस्तागी से वह सामना करता आया था ...उसमें अब वह बात नहीं दिख रही. संघर्ष करते करते वह थक गया है. एक बेचैनी, अकुलाहट, असंतोष और विद्वेष उसके मन में पल रहा है. जिंदगी अज़ाब हो गयी है. अब वह जीना नहीं चाहता... जिए भी तो किस के लिए? माँ-बाप, भाई-बहन, प्रेमिका, दोस्त सब तो पहले ही छूट गए थे ...और अब नौकरी भी छूट गयी है. कई दिनों से उसके मन में एक उथल पुथल मची है... वह जिंदगी से ऊब गया है...इस निर्मम संसार में अब उसका दम घुटता है... परेशानियां इतनी बढ़ गयी हैं कि ख़त्म होने का नाम नहीं ले रही हैं. हालात ने उसे तोड़ दिया है....अब उसे जिंदगी नीरस और बोझ जैसी लगती है. वह मरना चाहता है...लेकिन यहाँ भी एक सवाल पीछे पड़ा है.... अगर ख़ुदकुशी की तो बीमा का पैसा उसकी बीमार माँ को नहीं मिलेगा. फिर झुंझला कर सिगरेट फेंक देता है और सड़क की ओर चल देता है... वह सोच रहा है...कैसी है यह ज़िन्दगी...? न जी सकता है...और न ही मर सकता है. इसी उधेड़बुन में रानू पार्क तक पहुंचा.सुबह होने तक घास पर लेटा रहा. रात फिर आँखों में बीत गयी...दिन निकल आया. लोग पार्क में सुबह की सैर के लिए आने शुरू हो गए थे. रानू उठा और बाहर निकल कर सड़क पर आ गया. सड़क पार करने के लिए अपने दायीं ओर देख ही था की कहीं से तेज़ आवाज़ आई. देखा तो  बायीं ओर सड़क के उस पार एक कार ने साइकिल वाले को टक्कर मार दी थी. लेकिन उसने यह जानने की कोशिश नहीं की कि साइकिल वाले को कितनी चोट लगी? जिंदा भी है या मर गया? सीधा अपने घर की ओर चलता रहा. अचानक उसके मन में ख़याल आया....अगर मेरा भी एक्सीडेंट हो जाये तो!!!!! हाँ...ऐसा हो जाये तो उसकी माँ को उसके मरने के बाद बीमा का पैसा भी मिल जायेगा...वह वापस पलटा ..लेकिन दो क़दम चलने के बाद रुक गया. फिर एक सवाल ... अगर एक बार माँ को देख लेता तो मन में यह मलाल तो नहीं रहता की माँ को देखा नहीं. फिर वह घर की ओर चल पड़ा. कमरे में बैठा घंटों सोचता रहा... किसी बड़ी गाड़ी के अचानक आगे जाकर मरना ठीक रहेगा. कार और छोटी गाड़ियों से टकराने पर क्या पता मरुँ न मरुँ... अगर हाथ पैर ही टूटा तो बिस्तर पर पड़ा रहूँगा... अगर कोई अंग खराब हो गया तो जिंदगी भर के लिए अपाहिज हो जाऊंगा. फिर उसने सोचा... वैसे ट्रेन के आगे जान देना सबसे आसान है... मरने की पूरी गारंटी होती है. लेकिन मरने के बाद भी अगर कोई पहचान नहीं पाया तो .... माँ को बीमा का पैसा कैसे मिलेगा???? हाँ ... सात लाख... बीमा कंपनी वाले माँ से मेरे मरने का सबूत मांगेंगे तो वह बेचारी कहाँ से लाएगी सबूत?
उसने अब ठान लिया है कि अब वह किसी बाईपास पर बस या ट्रक के आगे कूद कर अपनी जान दे देगा. फिर एलआईसी प्रीमियम का रसीद देखने लगा.... उसमें लिखी तारीख पर नज़र पड़ते ही अचानक उसे याद आया कि अप्रैल में ही उसे बीमा का प्रीमियम जमा करना था. मतलब मरने से पहले उसे प्रीमियम जमा करना ही होगा. ११ बज चुके थे... रानू तैयार होकर बिना खाए पिए बीमा की किस्त जमा करने के लिए निकल पड़ा. उसे दो काम करने हैं- पहले ए टी एम से पैसे निकाल कर उसे एल आई सी ऑफिस में प्रीमियम जमा करना है... फिर वहाँ से टिकट कटाने जाना है. दुनिया से जाने का टिकट माँ से मिलने के बाद कटाएगा... लेकिन मरेगा ज़रूर...उसने पक्का निश्चय कर लिया है...

by Nagarjuna Singh on Wednesday, May 4, 2011 at 11:44pm ·

सवालों से डरता हूँ

आज मैंने आसमान को देखा. यह पहले जैसा नहीं है. मेरा आकाश विस्तृत था जिसमें मोतियों सरीखे तारे जगमगाते थे. मैं बैठना चाहा, लेकिन ज़मीन नहीं मिली. यहाँ से तो कंक्रीट की गगनचुम्बी इमारतें ही दिखती हैं. मेरे हिस्से की ज़मीन कहाँ गयी? कहाँ गयी मेरी छत जिसमें लटकते तारों को गिनकर सो जाया करता था? तब न जाने कितने तारे गिन लेता था...अब तो इन इमारतों की मंजिलें भी नहीं गिन पाता. इस शहर की भीडभाड़ में मैं अपने हिस्से की नींद, धैर्य, भावनाएं और अब संवेदनाएं भी खो चुका हूँ. बंद कोठरी में छत से लटकती मकड़ी की कुछ जालें एहसास कराती हैं कि इन्हें महीनों से नहीं हटाया. रोज़ सोचता हूँ आज इन्हें साफ़ करूँगा ...लेकिन रोज़ किसी उलझन में उलझ कर रह जाता हूँ. जैसे कोई पतंगा मकड़ी की जाल में फंस कर छटपटा कर दम तोड़ देता है... मैं भी चाहकर निकल नहीं पाता हूँ. यहाँ हर क़दम पर प्रपंच है...छल है... फरेब है...यहाँ हर हाथ में खंजर घोंपने को तैयार है ... कह नहीं सकते किस आँख को कैसी तलाश है. यहाँ इंसान से पहले इंसानियत मर जाती है... मैं भी बदल गया हूँ अब मेरी संवेदनाएं फिर भी जीवित हैं.. या कहें बचा रखी हैं...पता नहीं किस रोज़ माँ पूछ बैठे तेरी आँखों का पानी क्यों सूख रहा है? और न जाने ऐसे कितने ही सवाल जिसके जवाब नहीं है मेरे पास... डरता हूँ तो बस सवालों से... न जाने कौन कब कोई सवाल मेरी ओर उछाल दे.

by Nagarjuna Singh on Monday, April 25, 2011 at 11:53pm

गुरुवार, 31 मई 2012

दरोगा जी का न्‍याय

दारोगा का न्याय

धनिया रजक पगलाया हुआ बदहवासी में भागा जा रहा है। लगता है जैसे उसके पिछवाड़े में किसी ने चटाई बम लटका दिया हो। लल्लन पासी पीछे से आवाज देता रहा, लेकिन धनिया सुने तब तो। बाबू साहेब की सामने वाली गली से रेलवे लाईन की तरफ भागा जा रहा है। छोटका ईसरी महतो के घर के पीछे गोली (कंचा) खेल रहा था। बाप को भागता देख कर वहीं से चिल्लाता हुआ घर की ओर दौड़ा, ‘मैया, देखो... बाबू कहां जा रहा है?’
धनिया की पत्नी सुखनी शायद चूल्हा-चौकी में जुती हुई थी। छोटका भागता हुआ सीधे रसोई में उसके पास गया और बोला, ‘मैया... मैया...’
छोटका बात पूरी भी नहीं कर पाया कि सुखनी नन्हीं सी जान पर फट पड़ी। बोली, ‘क्या है रे! ... आगे भी बोलेगा करमजले।’
‘मैया, बाबू लाईन की तरफ गया। पीछे-पीछे लल्लन चच्चा भी। कितना बुलाया... लेकिन बाबू नहीं रूका।’- छोटका एक सांस में बोल गया।
सुखनी- ‘क्या बकता है रे (विस्मित और संशय भरी निगाह से देखते हुए)। ई पगलेट हमको चैन से न तो जीने देगा और न ही मरने देगा। इतना तो समझा लिया कि बैसाख नंदन अब न लौटेगा।... जब था तब तो उसे चैन से रहने न दिया। अब पगलाया फिरता है। (छोटका को देखते हुए) तनिक जा के देख... मुनिरका जादव खटाल* में है क्या। ... मिले तो कहना मैंने बुलाया है। रोड पर तमाशा मत देखने लगना। जल्दी से साथ ले के आना। अब भाग के जा... ’
बेटे को मुनिरका यादव को बुलाने भेज कर सुखनी माथा पर हाथ रखकर चौखट पर ही बैठ कर सोच में डूबती चली गई।
पिछले साल अगहन की बात है। छोटका के बाबू बैसाख नंदन के साथ गंगा घाट पर कपड़ा धोने गए थे। मरदाना खुद तो कपड़े धोने लगा और बैसाखी को धूप में छोड़ दिया। सुबह बेचारे को कुछ खाने भी नहीं दिया। अगर खा कर गया होता तो मालिक को छोड़ कर ऐसे थोड़े न भाग जाता कहीं। कितनी बार कहा, अजी! कभी स्नेह से बैसाखी के देह पर हाथ भी फिरा दिया करो। बेचारा तुम्हारे साथ दिनभर देह धुन कर काम करता है। उसे ढंग से खाने दिया करो। ...पता नहीं कहां, किस हाल में होगा बेचारा! आधा साल गुजर गया, तब से छोटका के बाबू उसकी खोज में पता नहीं कहां-कहां मारे-मारे फिर रहे हैं। क्षण का चैन नहीं इस मरद को। बैसाखी क्या गया, काम-धंधा सब चौपट हो गया। ग्राहक कपड़े दे जाता है, लेकिन धोए कौन! मैं चौकी-चूल्हा करूं, बच्चे सम्भालूं कि घाट पर कपड़े धोने जाऊं। यह सब सोचते-सोचते सुखनी दिन-ब-दिन घर के बिगड़ते अर्थशास्त्र में उलझती चली गई। घर में आटा-चावल खत्म है। खाने के लाले पड़ रहे हैं। बनिया भी उधार देने से साफ मना करने लगा है। कहता है पिछला हिसाब चुकता करो। तीन महीना हो गया, बकाया दिया नहीं और मुंह उठा कर राशन लेने आ गए। सुखनी की आंखों से दो बूंद आंसू गाल पर ढरक गए। ... लेकिन पेट थोड़े न मानता है... इसे तो दोनों समय खाना चाहिए, नहीं तो मरोड़ उठता है। दो दिन पहले छोटका आठ आने का फुलौना** खरीदने के लिए जोड़-पगहा*** तुड़ा रहा था। पूरा एक घंटा लोट-लोट कर रोता रहा। ... आखिर में मार खा के सोया। अब बच्चा क्या जाने घर की हालत कैसी है? भला हो पुनपुन वाली का, जो आधा दर्जन केला दे गई थी। एक सांझ केले की तरकारी तो बन जाती है... दूसरे बेला छिलके का चोखा... नहीं तो नून रोटी पर भी अब आफत है। छुटकी के लिए आधा लीटर दूध आता था। पिछले महीने ही बंद हो गया। दूध वाले का भी दो महीने का हिसाब है। अब छाती में दूध भी नहीं उतरता.... बेचारी छुटकी। थोड़ा दूध पीती है बाकि पेट तो पानी से ही भरता है उसका। आजकल बिस्तर भी गीला करने लग गई है।
सोचते-सोचते सुखनी फफक कर रोने लगी। थोड़ी देर रोती रही, फिर आंसू पोछे और बेचैनी में उठकर बाहर निकली और गली से ही सड़क की ओर झांका, लेकिन न तो छोटका दिखा और न ही मुनिरका जादव। मन ही मन छोटका को आधा दर्जन गालियाँ दीं . एक बार तो उसका मन किया कि खुद ही मुनिरका को बुलाने जाए, किन्तु एक तो लोक लाज, ऊपर से छुटकी भी सो रही थी। इधर वह गई नहीं छोटकी टें टें करने लगेगी।
‘नामुराद कहां मर गया? आता क्यों नहीं? जरूर मुनिरका गाय दूहने लगा होगा। ...कहीं छोटका खेलने तो नहीं लग गया रास्ते में....। पता नहीं क्या हो रहा होगा उधर।... और इसका बाप पता नहीं क्या कर रहा होगा।’ फिर आसमान की ओर देखते हुए भुनभुनाई- ‘हे भगवान! मुझे मौत क्यों नहीं आती?’ ...और पैर पटकते हुए जाकर फिर चौखट पर बैठ गई। रह-रह कर सुखनी के मन में बुरे-बुरे ख्याल आ रहे थे। एक मन कहता सब ठीक होगा, लेकिन अगले ही पल अंतर्मन से आवाज आती... भगवान भी तो गरीबों के साथ ही खेल करता है। अगर ऐसा न होता तो बैसाखी थोड़े ही न कहीं जाता। पुलिस में भी तो रपट लिखवाने गए थे छोटका के बाबू... लेकिन क्या हुआ? गरीबों की सुनता कौन है? मुंआ दरोगा कहता है- फोटो लाए हो? सभी गधे तो एक जैसे दिखते हैं। हम कैसे पहचानेंगे कि अमुक गधा तुम्हारा ही है? क्या नाम था गधे का? हुलिया बताओ। कहां-कहां जा सकता है? वैसे भी बिना फोटो के हम रिपोर्ट नहीं लिखते हैं। जाओ उसकी कोई निशानी ले आओ, जिससे उसकी पहचान हो सके।
शाम ढल चुकी है। अंधेरा तिर आया है। सुखनी घर में झांकती है। सामने ही दीवार पर पुरानी घड़ी टंगी है। दोनों सुइयां छह पर एक पर एक चढ़ी हुई हैं। मालूम नहीं कितना बजा है। कई बार छोटका के बाबू ने उसे घड़ी देखना सिखाने की कोशिश की, लेकिन वह हर बार यही कह कर टाल जाती थी कि हमें इसकी क्या जरूरत है जी। आपको देखना आता है न, एतना ही काफी है। सुखनी बाहर निकल कर आसमान निहारती है। अभी हल्का उजियारा है, लेकिन कुछ देर में ही अंधेरा छा जाएगा और दीया-बाती का समय हो जाएगा। फिर जैसे आश्वस्त  होने के लिए सामने वाले ऊंची इमारत पर निगाह फेंकती है। यह देखकर कि बाहर का बल्ब नहीं जला है, वह सड़क की ओर झांकती है।
‘ई हरामखोर छोटका कहां मर गया? आता क्यों नहीं है? मुनिरका को भी जैसे गाय दूहने की जल्दी पड़ी थी। अगर तनिक देर के लिए आ जाता तो गइया दूध देने से मना कर देती क्या? एतना भी नहीं सोचा कि बच्चे को बुलाने भेजा है तो जरूर कोई जरूरी काम ही होगा।’- सोच में डूबी सुखनी की नजर तभी सामने से आते छेदी चौधरी के बेटे पर पड़ी।
सुखनी- ‘बउआ जी... तनिक ईहां आइयेगा।’
हां, चाची। का बात है? कोनो काम है का? सवाल पर सवाल दागता छेदी का बेटा उसके पास पहुंचा।
सुखनी- ‘रोडे पर न जा रहे हैं.... हमरा एगो काम नहीं कीजिएगा?’
छेदी का बेटा- ‘हां चाची... जा त ओन्हीं रहे हैं। कोनो काम है त कहिए। कुच्छो लाना है का?’
सुखनी- ‘छोटका के खटाल में भेजे थे... मुनिरका जादव को बुलाने के लिए। घंटा बीत गया, लेकिन दुन्नो में से केकरो पता नहीं है। आप जा ही रहे हैं त मुनिरका को हमारा समाद**** कह दीजिएगा। आउर छोटका केन्हुं दिखाई दे ते दू लप्पड़ मार के घरे भेज दीजिएगा। मुंआ कोनो काम का नहीं है। माटी में लोट रहा होगा कहीं।’
ठीक है चाची...।- बोल कर छेदी का बेटा चला गया।
अब पूरा अंधेरा घिर चला है। अंदर से छुटकी की रोने की आवाज भी आने लगी थी। महतारी***** को घर में नहीं पा कर टेंटियाती बाहर ही आ रही थी। सुखनी ने उसे गोद में उठा लिया और घर में बढ़ गई। बेटी को कमर पर टिकाए सांझी-बाती दिखाने के लिए हाथ-पैर धोने लगी। छुटकी दूध के लिए टेंटिया रही थी, लेकिन सुर अभी तक नीचे का ही लगा रही थी। महतारी ने एक-दो बार उसे धमका दिया है। समझाते हुए बेटी से कहती है, सांझी-बाती दिखा लेने दे, फिर दूध पिला दूंगी, लेकिन छुटकी नहीं मानी। टें टें करती रही तो सुखनी ने एक झापड़ गाल पर रसीद करते हुए बेटी को बिस्तर पर लगभग पटक दिया। बेचारी बाप को याद कर के रोती रही। अभी उसका सुर पहले की तरह नहीं, बल्कि आठवें सुर के करीब था। देवी-देवता को सांझी-बाती दिखा के सुखनी अभी छुटकी को दूध पिलाने बैठी ही थी कि अचानक छोटका जेट विमान की तरह भागता हुआ कमरे में आया।
छोटका- मैया... चच्चा आ गए।
सुखनी- कहां मर गया था मुंए। एतना देर हो गया... जहां जाता है वहीं सट जाता है।
इतने में मुनिरका भी आ गया। बाहर से ही बोलता अंदर आया- ई में छोटका के कोई गलती नहीं है भौजी। ई बेचारा त कहिए रहा था कि चच्चा जल्दी चलो, मैया बुला रही है। हमही सोचे कि गइया दूह लें, फिर चलते हैं।... अब बताया जाए। कौनो जरूरी काम है का?
सुखनी- देखिए न ... छोटका कह रहा था कि उसके बाबू लाईन की तरफ गए हैं। बैसाखी के फेर में एन्ने-ओन्ने मारल-मारल फिर रहे हैं। केतना बार त समझा लिए कि अब का फायदा? जे होना था से हुआ। एगो साइकिल खरीद लीजिए... लेकिन ई ... करमजला मरद केकरो बात सुने तब न। कहीं कुच्छो उल्टा-पुल्टा कर लिए त हम ई दूगो बच्चा ले के कहां मरेंगे?
मुनिरका- काहे रे छोटका? ई बात हमको काहे नहीं कहा? .... (फिर सुखनी की ओर मुखातिब होते हुए)... आप चिंता न करो भौजी। ... हम अबहिएं धनीराम भैया को देखते हैं। हम ले के आ रहे हैं। आप तनिको मत घबराइएगा।
आश्वासन देकर मुनिरका उल्टे पांव लाईन की ओर भागा। लेकिन थोड़ी दूर ही गया था कि रास्ते में धनिया मिल गया। उसे देखते ही मुनिरका बिफर गया। बोला- बाल-बच्चा और मेहरारू****** को छोड़ के कहां मारे-मारे फिर रहे हो भाई?
धनिया- का कहैं भैया... किसी ने कहा कि रेलवे लाईन के किनारे उसने बैसाखी को देखा था। उसे ही देखने चला गया था।
मुनिरका- त का हुआ? मिला कि नहीं?
धनिया- नहीं.... स्साले ने ठिठोली की थी। चिड़ई के जान जाए, लइकन के खिलौना...
मुनिरका - भौजी ठीक ही कहती है। एगो साइकिल काहे नहीं ले लेते? कब तक गदहे का मातम मनाओगे? छह महीना बीत गया... अब का मिलेगा... घण्टा...
धनिया- हमरा मन कहता है कि बैसाखी एक न एक दिन जरूर मिलेगा। तीन कोना छान मारे हैं, अब  पुरवारी टोला बाकी है। सोचते हैं कि बिहान एक बार दानापुर की ओर देख लें। (ठंडी आह भरते हुए) मन में मलाल तो नहीं रहेगा कि उसे उस तरफ नहीं खोजा। हमको लगता है कि उ उधरे ही कहीं मिलेगा।
मुनिरका- फिर वही पागलपन। हम का बोले...? अगर मिलना होता तो मिल गया होता। अब खोजबीन छोड़ो और काम धंधा पर ध्यान दो। ग्राहक किसी का नहीं होता है। एक बार छोड़कर चला गया तो दोबारा उस ग्राहक को पाना बहुत मुश्किल होता है।  ... बेचारी भौजी को देखा है ... चेहरा कैसा कुम्हला गया है। लगता है जैसे रोगी है।
धनिया- बस भैया, तुम्हरी कसम... बिहान भर खोजेंगे ... न मिला तो समझ लेंगे कि ...बात पूरी नहीं कर पाया धनिया। सामने रुआंसी सुखनी छुटकी को कमर पर टांगे दरवाजे पर खड़ी थी। थोड़ा सम्भलते हुए धनिया ने कहा- का भागवान.... घबरा काहे जाती हो? कौनो ट्रेन से कटने थोड़े गए थे। फिर छुटकी को अपनी गोद में ले लिया और दुलारते हुए कमरे में चला गया। खुशामदी लहजे में पत्नी से बोला- मुनिरका को चाह-पानी तो पिलाओ। (छुटकी को बिस्तर पर रखते हुए मुनिरका से कहा) आओ भाई ... बैठो। तुम्हरे बहाने हमको भी चाह मिल जाएगा।
लेकिन सुखनी तो जैसे पूरी तरह लड़ाई के मूड में थी। घर में क्या है, क्या खतम हो गया, ये तो पूछा नहीं, ऊपर से चाय बनाने का ऑर्डर दे दिया। जैसे घर में सामान खरीद कर रख दिया हो। एक सांझ का आटा बचा है। तरकारी भी नहीं है कई दिन से। केले की तरकारी और छिलके का चोखा खा-खा कर मन बिगड़ गया है। कानी आंख भी उस पर नजर फेरने का मन नहीं करता है। कल सांझ के बाद ये भी खत्म हो जाएगा। चावल खत्म हुए आज छठा दिन है, लेकिन यहां हाकिम को सूझता थोड़े है। हमरा त करम उसी दिन फूट गया जिस दिन मां-बाप ने इसके पल्ले बांध दिया। फिर भी जैसे रखता है हम रह लेते हैं, लेकिन बच्चों का क्या होगा? इन्हें अकेला छोड़कर तो मर भी नहीं सकती। अगर मुनिरका यादव नहीं रहता तो आज फैसला हो जाता। फिर भी सुखनी ने चुप रहना ही मुनासिब समझा। मुनिरका चाय पीकर चला गया तो छोटका दुलार करवाने के लिए बाप की गोद में घुसने लगा। धनिया देर तक बच्चों के साथ खेलता रहा। सुखनी खाना पका चुकी तो चुपचाप खाने की थाली बिस्तर पर रख कर बाप की छाती पर बैठी छुटकी को उठाया ओर छोटका को कान से खींचते हुए भीतर वाले कमरे में ले गई। दोनों बच्चे टेंटियाने लगे तो सुखनी ने उन्हें धुन दिया। बेचारे बच्चे रोते-रोते सो गए। इधर, धनिया भुनभुनाता रहा। फिर खाना खाकर खटिया पर पसर गया। लेकिन बच्चों को सुलाकर सुखनी खुद जाग रही थी। आंखों के पोरों से आंसू ढरक कर दोनों ओर तकिए पर गिर रहे थे। खाना भी नहीं खाया उसने।
अगले दिन सुबह-सवेरे ही सुखिया दानापुर के लिए निकल गया। दोपहर बाद पसीने में तरबतर घर लौटा और चहकते हुए पत्नी से कहा- मैं न कहता था सुखी... एक न एक दिन हमारा बैसाखी जरूर मिलेगा हमें। ...(गर्व से छाती में हवा भरते हुए) आखिर खोज लिए न।
सुखनी- सच्चो! अपना बैसाखी मिल गया!!!??? (सुखनी के चहरे पर ख़ुशी और विस्मय के मिले-जुले भाव उभर आए। सिर पर आंचल करते हुए धरफराती हुई बाहर निकली। दाएं बाएं देखा, लेकिन जब कोई नहीं दिखाई दिया तो भागकर अंदर आई और जिज्ञासावश पति से पूछी)- कहां है जी हमारा बैसाखी? बाहर त नहीं है। साथ में नहीं लाए हैं का? कहां छोड़ आए उसे?
‘भागवान! धीरज धरो... बैसाखी दानापुर में है किसी के पास। हम त उसको ले ही आते, ... लेकिन जिसके घर के देहरी पर वह बंधा था, उसका घरवाला नहीं था। उसकी लुगाई कहती है कि बैसाखी उसका है। उसका घरवाला सोनपुर मेला से खरीद के लाया है। ... जैसे हम अपना बच्चा के पहचानवे नहीं करते हैं। अरे... छह महीना का था तब से उसे पाला है। बात करती है .... उसका कैसे हो जाएगा? ... बैसाखी घर का रस्ता का भटक गया ... कम्बख्त ने उसे दरवाजे पर बांध लिया, जैसे उसका कोई माई-बाप नहीं है। धरती-पाताल एक कर दिए ... लेकिन बैसाखी को खोज ही लिए। सुखी उ अपना बैसाखी ही है। अब त दरोगा का सहारा है। थाना जा रहे हैं हम। दरोगा को कहेंगे कि तुम फोटो के लिए बैठे रहो, ... हमने अपना बैसाखी खोज भी लिया। अब उसे हमें दिलवा दे।’
धनिया थाने पहुंचा। कुर्सी पर बैठकर दारोगा दोनों टांगें टेबुल पर रखे चाय की चुस्की ले रहा था। सुखिया अंदर पहुंचा तो दोनों पैर फैलाए दारोगा ने जूतों के बीच से उसे घूरकर देखा। बोला- का बात है बे? गदहे फोटो ले आया का?
धनिया- हजूर, हमने त बैसाखी को खोज भी लिया। दानापुर के अनूप टोला में है। अब तो उसे हमें दिला दीजिए दरोगा जी। बड़ी मेहरबानी होगी। बड़ी परेसानी के दौर से गुजरे हैं। पूरा छह महीना उसके लिए जाने कहां-कहां भटके ... तब जाकर मिला।
दारोगा - ठीक है ...चाय की चुस्की लेते हुए ... कल देखेंगे। आज गर्मी दिमाग में चढ़ गया है। कपार में दरद है। सबेरे आना फैसला कर देंगे।
दारोगा का आश्वासन पाकर धनिया मारे ख़ुशी के फूले नहीं समा रहा है। उसकी ख़ुशी का कोई पारावार नहीं है। धनिया घर लौटा तो रोज की तरह मातम नहीं, बल्कि उत्सव सा माहौल था। बच्चे भी रो नहीं रहे थे। पत्नी द्वार पर टकटकी लगाए बैठी उसके आगमन की बाट जोह रही थी। खाना खाकर पति-पत्नी देर तक बतियाते रहे। धनिया बिस्तर पर गिरा, लेकिन सो नहीं सका। रात करवटों में ही बीती। यही हाल सुखनी का भी था। दोनों बेसब्री से सुबह होने का इंतजार कर रहे थे। धनिया सोचता रहा- ‘बैसाखी काफी दुबला हो गया है। बेचारे को खाना बिना सुखा दिया है। मन तो करता है कि अभी जा के उसे खूब दुलार करूं। मेरा बच्चा! कितने दुख सहे होंगे। मैं भी तो उसे बिना वजह मारता-पीटता था। ... आखिर मेरा बच्चा है ... दुलार भी तो करता था।’ फिर पता नहीं कब सोचते-सोचते उसकी आंख लग गई। सुबह पत्नी ने जगाया तो धरफरा कर उठा और कुल्ला कर के गमछा कंधे पर रखा और थाने की ओर कूच कर गया। सुखनी कुछ कहती, तब तक वह गली पार कर चुका था।
सात बजे हैं। धनिया थाने में हाजिर है। मुंशी से पूछा- दरोगा जी नहीं दिखाई दे रहे हैं।
मुंशी - पगला गया है का? एतना सबेरे-सबेरे आ गया। जानता नहीं दरोगा जी देर रात को घर जाते हैं। चौबीसो घंटे क्या तुम्हीं लोगों की सेवा में लगे रहेंगे? अपना घर-दुआर उनका जैसे है ही नहीं। ... जा बाहर जा के बैठ। नौ बजे के बाद आएंगे दरोगा जी।
जी सरकार- कहकर धनिया बाहर गली की ओर मुंह करके बैठ गया।
नौ बजे जब दारोगा आया तो धनिया उसके पीछे-पीछे अंदर आया। हाथ जोड़ कर बोलो- सरकार ... न्याय किया जाए ...
दारोगा ने हाथ से उससे दम धरने का इशारा किया। बेल्‍ट ढीली कर कमीज बाहर निकालते हुए कुर्सी पर बैठा और दोनों टांगें टेबल पर फेंक दी। फिर बोला- हां, भई... अब बक। कहां क्‍या देखा? कैसे पता चला कि उ तुम्‍हारा ही गदहा है।
धनिया- सरकार... उ हमरा बच्‍चा है। छह महीना का था तब से उसे पाला-पोसा है। अपने बच्‍चे को कइसे नहीं पहचानेंगे।
दारोगा- हुं.... फिर से सोच ले। पक्‍का गदहा तुम्‍हारा ही है?
धनिया- सरकार ....सौ फीसद
दारोगा- ठीक है। अब ताे कुछ करना ही पड़ेगा। फिर एक सिपाही को बुलाया - रामसरूप ... जरा इसके साथ अनूप टोला जाकर गदहे के साथ उसके मौजूदा मालिक को थाने ले आओ। ऐ धनिया तू भी साथ में जा। ...
दोनों रवाना हो गए।
दोपहर दो बजे तीनों गदहे के साथ थाने पहुंचे। धनिया बैसाखी से लिपट कर बोला- मालिक अब हम इसे अपने साथ ले जाएं?
दारोगा- काहे रे! एक मिनट में तुम्हरा मिरगी छोड़ा देंगे। स्साले चुपचाप खड़ा रह। नहीं त उल्टा लटका कर तशरीफ़ पर इतना बजाएंगे कि सोते-जागते सरगम गाएगा।
फिर दोनों की ओर मुखातिब होकर बोला- हां तो धनिया, तू कहता है कि ई गदहा तेरा है। अब गदहे के मालिक से भी तो पूछ लें कि वो क्या कहता है। (अनूप टोले वाले को ताड़ते हुए) - क्यों बे ... ई गदहा किसका है?
माई-बाप हमरा है ... (धनिया को देखते हुए) और किसका होगा। छह महीना पहले सोनपुर मेला से इसको खरीद के लाए थे। पूरा 2,000 रुपया दिए हैं।
धनिया- सरकार, ई मेरा बैसाखी है। ... झूठ बोलता है ई आदमी।
गधे के दो-दो दावेदार देख कर दारोगा बड़ी मुश्किल में फंस गया। कोई मानने को तैयार नहीं था कि गदहा उसका नहीं है। फिर कुछ देर सोचने के बाद उसने कहा- देखो भाई, हम जो न्याय करेंगे, वह अंतिम होगा। दोनों पक्ष को फैसला मानना पड़ेगा। बोलो मंजूर है।
दोनों हाथ जोड़ कर बोले- अब तो सरकार आपके न्याय का ही आसरा है।
दारोगा- तो ठीक है ... इस गदहे को खुला छोड़ दो। (एक सिपाही से)- ऐ एक लाठी मार गदहे को। इसके बाद ई जिसके घर जाएगा, गदहा उसी का माना जाएगा।
लट्ठ पड़ते ही गदहा ढेंचू-ढेंचू कर के भागा। दारोगा, दो सिपाही और गदहे के दोनों दावेदार उसके पीछे-पीछे। भागता हुआ गदहा सीधे धनिया के घर पहुंच कर रुका।
दारोगा बोला- फैसला हो गया। ये गदहा धनिया का ही है। क्यों धनिया ... खुश है न?
जी हुकुम- धनिया ने तो जैसे पूरा संसार जीत लिया था। दारोगा जी का फैसला सुनकर धनिया, उसकी पत्नी और छोटका की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था। खुशी इस बात से दोहरी हो रही थी कि बैसाखी आज पूरे तीन साल का हो गया था। सुखनी भागकर अंदर गई और थाली में रोटी, रोली, दीया जला कर ले आई। पूरे विधि से बैसाखी की आरती उतारी और लोटे से उसके आगे पानी गिराया और रोटी उसे खिलाई। छोटका बैसाखी की पीठ पकड़ कर उछल-कूद कर रहा था तो बाप ने उसे पीठ पर बैठा दिया। छुटकी सामने बैठी बैसाखी को खाते निहार रही थी। धनिया प्यार से उसके सिर पर हाथ फिरा रहा था और सुखनी बैसाखी को प्यार से रोटी खिला रही थी।

शब्दार्थ
१. खटाल- गाय, भैंस के लिए बना शेड
२. फुलौना- गुब्बारा
३. जोर-पगहा तुडाना - जिद करना
४. समाद- सन्देश
५. महतारी- माँ
६. मेहरारू- पत्नी
७. पुरवारी- पूरब की ओर
८. बिहान- कल (आनेवाला)
९. देहरी- घर का प्रवेश द्वार 




*

बुधवार, 19 जनवरी 2011

एक भरोसे ने ठंढ़ में मारा

दिसंबर का आखिरी सप्ताह था. एक तो ममता दीदी की ट्रेनों ने बड़ी बेदर्दी से मारा. ऊपर से दोस्त के स्नेह ने रात भर प्लातेफ़ोर्म पर रात गुज़ारने को मजबूर कर दिया. लाचारी कुछ ऐसी थी कि कहीं और जा भी नहीं सकता था.
बात लखनऊ की है. अभी मुश्किल से सप्ताह भर पहले ही लौटा था कि पता चला मेरे एक परिचित जो मेरे मित्र के छोटे भाई हैं, वहीँ आ गए हैं. जा ही रहा था तो सोचा क्यों न उनके पास ही चला जाये. इसी बहाने उनसे मुलाकात भी हो जाएगी. अपने आगमन की पूर्व सूचना तो दे ही दी थी, पहुँचने से पहले भी दो तीन बार फोन कर लिया कि टपक रहा हूँ. भाई ने सहृदयता से बुलाया भी. ट्रेन के लक्षण ठीक नहीं देखकर मैंने करीब ९-१० बजे फिर फोन कर दिया कि ट्रेन लेट हो सकती है. उम्मीद है ११ भी बज जाये. तय हुआ कि जब भी पहुंचूं उन्हें फोन कर दूंगा ताकि वो लेने आ जाएँ. हादसे का सफ़र यहीं से शुरू हुआ. वैसे ट्रेन में सवारहोने से पहले ही इसकी शुरुआत हो गयी थी. ट्रेन निर्धारित समय से कुछ घंटे देर से चली. हाँ तो, करीब ११ बजे से ही मुझे लगने लगा था कि आज कि रात भारी गुजरने वाली है. पता नहीं क्यों हर बार मुझे आभास हो जाता है कि मेरे साथ कुछ गड़बड़ होने वाला है... कभी कभी तो पूरा पूरा पता चल जाता है. जैसे पिताजी के देहांत से ३ माह पहले मुझे उनकी सारी बातें याद आने लगीं. साथ में एक डर कि शायद पिताजी..... आशंकाएं निर्मूल नहीं थीं. उसके पहले एक ऐसे रिश्ते के अंजाम का आभास हुआ था कि सब छूटने वाला है...वह भी सच साबित हुआ. ऐसे ढेरों वाक़यात हैं.
मन में हुआ कि फोन कर दूँ कि बस पहुँचने वाला हूँ. लेकिन यह सोचकर कि अब सीधे स्टेशन से ही फोन करूँगा. जिस मुई गाड़ी को शाम ६ बजे लखनऊ पहुंचना था वह रात के ११:३० बजे पहुंची. उतरते ही फोन घुमाया, लेकिन बन्धु ने उठाया नहीं. फिर किया...कोई जवाब नहीं. मेरे पास सिर्फ़ पता ही सहारा था. बहरहाल हम कोशिश करते रहे और हमारी कोशिश नाकाम होनी थी, इसलिए नाकाम होती रही. खैर एक ऑटो वाले से पूछा कि आशियाना ले चलोगे? उसने कहा- इसीलिए तो खड़े हैं हुज़ूर.
हमने कहा- चलो. पैसे कितने लोगे?
ऑटो वाले ने अनुमान के मुताबिक़ ही मुह फाड़ा- १०० रूपए.
खैर हम चल पड़े. इस कवायद में १२:३० बज गए थे. एक बजे एल डी ए कालोनी पहुंचे, लेकिन लैंड मार्क नहीं मिला. ऑटो वाले को भी घुमाता रहा पर उसे भी पाता नहीं था. आखिरकार हमने उसे मुक्त कर दिया और कंधे पर बैग टाँगे भटकते रहे. कई बार फोन भी किया लेकिन जवाब नहीं मिला. आख़िरकार मकान ढूंढ लिया. कॉल बेल बजायी तो दो अनजान चेहरे देख के लगा...बज गयी घंटी. ये तो गलत पता है भाई. हुआ भी वही. मित्र ने जो पता दिया था वह उनके हिसाब से सही था और मैं जिस पते पर पहुंचा था वह मेरे हिसाब से सही था. खैर ये पता गलत निकला. मैं अब विकट मुश्किल में था. क्योंकि अमूमन मैं किसी के यहाँ जाता ही नहीं. होटल में ही ठहरना मुनासिब समझता हूँ. बैग टाँगे चलता रहा. काफी थक चुका था. वहीँ गोल मार्केट में खाली बेंच देखा तो बैग रखा और चादर बिछा कर बैठ गया. मन हुआ कि सो जाऊं. अब तक रात के १:३० बज गए थे. ठंढ में देर तक बैठा रहा...पर और बैठना मुनासिब नहीं लगा. बैठ टांगा और चल पड़ा. कोई ४ किलोमीटर चल कर सड़क पर पहुंचा तो ऑटो मिल गया. सीधे स्टेशन पहुंचा. अब रात के करीब ५ बज गए थे. कहीं कोई जगह नहीं थी. प्लेटफोर्म एक पर एक बेंच खाली थी. थकान तो हो ही गयी थी. ऊपर से खाए हुए भी २४ घंटे हो गए थे. ठंढी हवा के मारे बुरा हाल था. मैंने बैग सिरहाने रखा और चादर ओढ़ के सो गया. लेकिन ठंढ ऐसी थी कि जूते के अन्दर पैर ठिठुरा जा रहा था. जैसे तैसे रात गुज़र गयी. ८ बजे के बाद भाई ने फोन किया. अफ़सोस जताया. जब पाता चला कि मैं स्टेशन पर ही रात भर रहा तो उसे ग्लानि हुई. उस से ज्यादा मुझे हुई. अपना ठिकाना होने के बावजूद मैंने ऐसे रात गुजारी.

रविवार, 9 जनवरी 2011

प्याज और प्रेमिका

प्याज मेरे लिए पूर्व प्रेमिका की तरह है जो याद करो तो आती नहीं और मनाओ तो मानती नहीं. आंसू तो दोनों ही सूरत में निकलते हैं. मुश्किल यह है कि दिल बेचारा है जो हर बाद उसे याद कर के सुबकता है. कभी प्याज के बहाने तो कभी प्रेमिका के बहाने. दोनों ही मुझे प्रिये हैं. न तो प्याज को छोड़ सकता हूँ, न प्रेमिका को. समस्या यह है कि यदि प्याज छोड़ दिया तो तरकारी का रस गाढ़ा नहीं होगा और प्याज ले आया तो गाढ़ी कमाई जाएगी. फीकी सब्जी चटोरा जीभ स्वाद नहीं लेगा. स्वाद नहीं मिलेगा तो सूखी रोटी गले के नीचे उतरेगी नहीं. लिहाज़ा पेट में तौलिया लपेट के सोना पड़ेगा. प्रेमिका की माया से शरीर ने वैसे ही दगा दे दिया है! हमने तो पिछले साल से ही नए साल के लिए रेजोल्यूशन बना लिया था कि इस साल छक के खाऊंगा. पर महंगाई की देवी को हमारा रेजोल्यूशन लगता है पसंद नहीं आया.
प्रेमिका और प्याज में एक समानता है . यदि आपके पास धन है तो प्रेमिका भी आएगी और प्याज भी. मेरी लाचारी है कि मेरे पास लक्ष्मी नहीं टिकती तो रसोई में प्याज और जीवन में प्रेमिका कहाँ से टिके. दो दिन पहले एक मित्र घर आये. जनाब ने गृह प्रवेश से पहले ही प्रेमिका का हाल पूछ लिया. आँखें छलक आयीं, लेकिन हमने उसे अभी व्यर्थ बहने से रोका ही था कि जनाब फरमाइश कर बैठे कि प्याज के पकोड़े खाने की इच्छा है. आपके हाथ के बने पकोड़े खाने का अलग ही आनंद है. ह्रदय जोर से धड़का और कलेजा बैठता गया. दो दो सदमे झेलने का न तो समय रहा और न ही शरीर. क्षण में ही धन्वन्तरी सी एकहरी काया सूखे पत्ते की मानिंद कांपने लगी. लगा जैसे शरीर का पूरा खून निचुड़ गया. अतीत एक बार फिर हावी हो गया...कभी प्रेमिका का चेहरा आँखों के आगे घूम कर जैसे मुह चिढ़ाता तो कभी प्याज. मुह से शब्द नहीं फूट रहे थे. मित्र को झेलना भारी पड़ रहा था. प्रेमिका के बारे में चलो कह भी देता कि उसने मुझे छोड़ किसी और के साथ घर बसा लिया. लेकिन इस नामुराद प्याज का क्या करूँ? कैसे कहूँ कि मैं वैष्णव हो गया हूँ. कारण जो भी हो. मैंने पाला बदल लिया है. अब तो जहाँ प्याज होता है मैं वहाँ नहीं होता हूँ. लाचारी में अगर बाज़ार का रुख करना भी पड़ा तो प्याज को देखकर असहज हो जाता हूँ. मन उसे देख कर ललचाता है...और आह भरता है...काश! मेरे पास लक्ष्मी होती तो दोनों को नहीं खोता!

गुरुवार, 4 फ़रवरी 2010

मेला देख रोए कबीरा

लंबे समय से मैं 2010 में दिल्ली में लगने वाले 19वें विश्व पुस्तक मेले की बाट जोह रहा था। मुझे बड़ी उम्मीद थी कि इस बार जरूर अपने पसंदीदा देसी और विदेशी लेखकों की किताबें खरीद सकूंगा। रोजमर्रा के काम से देर रात को छुटकारा पाने के बाद सुबह-सुबह बिस्तर का मोह त्यागना कोई हंसी ठट्ठा नहीं है। चार बजे सुबह सोने वाला प्राणी ही मेरी इस मर्मस्पर्शी पीड़ा को समझ सकता है। खासकर जाड़े की अलसाई सुबह रजाई का मोह त्यागना हर किसी के बूते की बात नहीं होती। सुबह उठने के लिए जिस वक्त का मैंने अलार्म लगाया उस समय निंदिया रानी हम जैसों को आगोश में लेकर स्वप्न लोक का भ्रमण कराती घूमती है। रोज की तरह हम करीब दो बजे कमरे पर पहुंचे। आगे नाथ न पीछे पगहा... ऐसा तो है नहीं कि घर जाते ही गरमागरम खाना दस्तर$खान पर लगा दिया जाएगा। यहां तो हम रोज ही कुआं खोदते हैं और रोज ही पानी पीते हैं। बहरहाल खाना बनाने के बाद खाते-खाते भोर के 3:30 बज चुके थे। सोने से पहले रोज की तरह मेडिटेशन भी करना था। अत: मेडिटेशन के बाद जब हम शयन सुख लेने रजाई में घुसे तब तक 4:15 बज चुके थे। हमने यह सोचकर 7 बजे का अलार्म लगाया कि कान-पूंछ हिलाते-हिलाते 7:30 तो बज ही जाएंगे। लेकिन हम दो कदम आगे निकले, अब उठता हूं... तब उठता हूं करते-करते 8:15 बज गए। मैंने तत्काल रजाई फेंकी और दिल्ली प्रस्थान की तैयारियों में जुट गया। 15 मिनट में तैयार तो हो गया, लेकिन एक समस्या अब भी मुंह बाए खड़ी थी। तितली रानी ने भी मेले से किताब लाने का फरमान सुनाया था, परन्तु लिस्ट उन्हीं के पास थी। मैंने मैसेज किया पर कोई फायदा नहीं। मोहतरमा घोड़े और पता नहीं क्या-क्या बेचकर सो रही थीं। टाइम पास करते-करते करीब नौ बजे मैंने फोन किया तब जाकर उठीं। अलसाए अंदाज में किताबों की फेरहिस्त मुझे थमाई। उन्हें देखकर मेरे मन में भी अपने प्यारे बिस्तर के लिए दया भाव जाग गई। इच्छा तो हुई कि मैं वहीं पर पसर जाऊं, पर दिल्ली जाना भी जरूरी था।
इसी बीच हमें एक और मित्र कॉलोनी में भटकते मिल गए। उन्हें भी दिल्ली जाना था। सोचा चलो एक से भले दो। मित्र अपने घर यह कहकर प्रविष्ट हुए कि दूसरी तरफ से निकलता हूं आप उस तरफ आइए। 15 मिनट इंतजार के बाद भी जब वे घर से नहीं निकले तो मैंने सोचा दाढ़ी ही बनवा लूं। समय भी कट जाएगा और मित्र चित्रग्रीव भी आ जाएंगे। पर धत... अभी नाई ने साबुन ही लगाया था कि जनाब सपत्नीक निकल आए। अब उठना संभव नहीं था, नाई उस्तरा भांज चुका था। इस हाल में जाने का मतलब वे मदारी और मैं बंदर से कम नहीं दिखता। वे बाद में निकले, लेकिन मुझसे पहले बस अड्डे पहुंच गए। मैं पहले निकला और लेकिन बाद में बस में चढ़ा। रास्ते भर हम फोन पर बतियाते रहे और एक-दूसरे के बस को निहारते रहे। लेकिन सब व्यर्थ.. दिल्ली अंतरराज्यीय बस अड्डे पर पहुंचने के बाद ही हम एक-दूसरे का दर्शन कर सके। बस अड्डे से वे अपने रास्ते और मैं प्रगति मैदान के रास्ते।
मैंने सोचा क्यों खामख्वाह ऑटो में 70-80 रुपए फूंकूं? जब बस दस रुपए में ही गंतव्य तक पहुंचा देगी तो इतना पैसा क्यों व्यर्थ खर्च करूं? इतने में तो एक किताब आसानी से आ जाएगी। मैंने रिंग रोड सेवा ली, लेकिन दिल्ली में विकास कार्यों के चलते प्रगति मैदान ही पहचान नहीं सका। सोचा अब प्रगति मैदान आएगा, अब आएगा। लेकिन उसे तो आना ही नहीं था। मेरे होश तब उड़ गए जब देखा कि बस लाजपत नगर पहुंच गई है। मैं तत्काल रेड लाइट पर ही कूद पड़ा। मेरा शायद दिन ही खराब था, यहां से मुझे कोई ऑटो नहीं मिला। उस मनहूस घड़ी को कोसते हुए मैं पैदल ही टेंशन में साउथ एक्सटेंशन पहुंचा। ग्लास भर जूस पीया और अंडरग्राउंड रास्ते से सड़क के दूसरी ओर पहुंचा। सौभाग्य से एक ऑटो वाला प्रगति मैदान जाने को तैयार हो गया।
जब हम प्रगति मैदान पहुंचे तो दो बज चुके थे। हमने सोचा टिकट लेकर जल्दी प्रविष्ट हुआ जाए, लेकिन हत भाग्य! टिकट काउंटर तो खुला था, लेकिन उसमें टिकट देने वाले महाजन ही नहीं थे। काउंटर के ऊपर लिखा था 6 से 12 साल के बच्चों के लिए टिकट 10 रुपए, वयस्क- 20 रुपए। आगे जाकर एक कमरे में झांका तो एक सज्जन मिले। टिकट कहां मिलेगी? - उनसे पूछा। जवाब मिला- 10 नंबर गेट पर चले जाइए। मुझे लगा जैसे मेरे साथ लुका-छिपी खेला जा रहा है। अब दस नंबर गेट किधर ढूंढूं? ऐसा नहीं है कि सिर्फ मैं ही अंदर जाने के लिए छटपटा रहा था। मेरे जैसे और भी कई पुस्तक प्रेमी वैसे ही भटक रहे थे, जैसे को अतृप्त आत्मा! इस आंख-मिचौली में करीब 30 मिनट बीत गए। अब 2:30 बज रहे थे। पत्रकार होने के बावजूद मैं आई कार्ड लेकर नहीं घूमता। सोचता हूं कि जब घुड़की ही काम कर जाती है तो इसे लेकर घूमने से क्या फायदा? मैंने इस उम्मीद से अपने कुछ प्रकाशक मित्रों को फोन घुमाया कि वे गेट पर आएंगे और मुझे बाइज्जत अंदर ले जाएंगे। लेकिन यह भूल गया कि जिस शहर के लोगों की आंख तक का पानी ही सूख चुका है उस शहर के लोगों से ऐसी उम्मीद पता नहीं कैसे पाल बैठा! खैर हम भी जि़द्दी टाइप के ही हैं। बिना 'हनुमान गियरÓ लगाए काम नहीं चलेेगा, यह सोचकर फिर से गेट पर पहुंचे। अंदर जाने लगा तो सिक्योरिटी गार्ड ने टिकट मांगा। मैंने कहा- नहीं है।
गार्ड - पास दिखाइए।
- वह भी नहीं है- मैंने कहा।
गार्ड- फिर आप अंदर नहीं जा सकते।
- अखबार वाले को रोकता है! कहां है तेरा अधिकारी? उसे बुला।
गार्ड- साहब! आप पहले बताते। ऐसा कीजिए... चार नंबर गेट से चले जाइए। आप लोगों की एंट्री अरेंजमेंट उधर से ही है।
जब चार नंबर गेट पर पहुंचा तो दिल्ली पुलिस की पल्टन देखकर हवा निकल गई। मन ही मन सोचा, कहीं रोक दिया तो इज्जत का फलूदा निकल जाएगा। लेकिन मुझे तो हर हाल में पुस्तक मेले में जाना था। मैंने अपनी रफ्तार बढ़ा दी और शान से अंदर दाखिल हो गया। पुलिस वाले भी सोचते रहे, कोई बड़ा 'तोपÓ होगा तभी तो धड़धड़ा के घुस गया। एक थ्री स्टार लगाए पुलिस वाला सामने टकराया। इशारों में पूछा तो मैंने भी इशारे में जवाब दिया। मुझे घूरा तो मैंने उसे ऊपर से नीचे तक नाप लिया। शायद उसके दिमाग की बत्ती जल गई तब तक। यही सोचा होगा, मुझसे पंगा लेना ठीक नहीं है। ढीठ प्राणी दिखता है। फिर वह साथ चलने लगा और बोला- कहां जाना है?
 - पुस्तक मेले में... आपको चलना है तो चलिए (थोड़ी अकड़ के साथ)
पुलिसवाला- मेरा मतलब है... आपके पास ...
- पत्रकार हूं (बीच में ही टोकते हुए)
पुलिसवाला- सर आप गलत दिशा में जा रहे हैं। यह तो प्रोटोकॉल एरिया है। मीडिया लाउंज उस तरफ है। (फिर उसने यह कहते हुए एक अर्दली को साथ लगा दिया कि साहब को मीडिया लाउंज छोड़ दो)। हुक्म की तामील करते हुए उसने मुझे मीडिया लाउंज के गेट पर छोड़ तो दिया, लेकिन मुझे देखता रहा कि मैं अंदर जाता हूं कि नहीं। मैंने उसका धन्यवाद किया और अंदर चला गया। वहां कुछ पत्रकार बंधु पेट पूजा में मशगूल थे। एक-दो लोग जान-पहचान के भी थे। लेकिन उनका ध्यान खाने पर ही था।
बहरहाल हम जल्दी बाहर निकले और वहां से हॉल नंबर एक में पहुंचे। यहां एक प्रकाशक मित्र से मिला और कुछ स्टॉल घूमने के बाद सीधे हॉल नंबर 12 ए पहुंचा। घूम-घूम कर किताबें ढूंढऩे लगा। सोचा था एकाध साहित्यकार से मिलकर वर्तमान साहित्य की दशा और दिशा पर चर्चा करूंगा। इसी बहाने कुछ लिखने को मसाला भी मिल जाएगा। कई स्टॉल घूमने के बाद मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि साहित्यकारों से बातचीत के अलावा पुस्तक प्रेमियों से भी पूछ लिया जाए कि उन्हें पसंदीदा लेखकों की पुस्तकें मिलीं या वे भी निराश लौट रहे हैं। कहने को तो यह विश्व पुस्तक मेला था, लेकिन कोई खास उत्साह और उमंग नहीं दिख रहा था। कई बड़े साहित्यकारों की तो पूरी रेंज भी उपलब्ध नहीं थी। एक प्रकाशन हाउस के स्टॉल पर पहुंचा तो एक मित्र टकरा गए। इसी प्रकाशन हाउस में कार्यरत थे। यहां एक नामचीन साहित्यकार की पुस्तक का लोकार्पण चल रहा था। कुर्सी पर जमे कुछ पत्रकार बंधु व अन्य लोग वहां खड़े लोगों को हेय दृष्टि से ऐसे देख रहे थे, जैसे सामने वाले की औकात कौड़ी भर की भी न हो। इतने में मित्र ने एक व्यक्ति को उठाया और उनकी जगह मुझे बैठा दिया। एक मिनट में ही सीन बदल गया। करीब 20 मिनट तक लोकार्पण और 'दो शब्द कहिएÓ झेलता रहा। इस दौरान मेरी तबीयत बिगडऩे लगी, लगा जैसे दम घुट जाएगा। अकबकाई हालत में इधर-उधर देखने लगा कि किसी से पानी का बोतल मांगूं। सुबह से कुछ खाना तो दूर पानी भी नहीं पिया था। अन्न-पानी के नाम पर साउथ एक्सटेंशन में सिर्फ एक ग्लास जूस ही उदर में प्रविष्ट कर पाया था। पास बैठी एक महिला ने शायद मेरी बेचैनी भांप ली। उन्होंने पानी का बोतल मेरी ओर बढ़ाया, एक घूंट पानी ही था। उन्होंने कहा- इसी से काम चलाइए। मैं पानी मंगवाती हूं। पानी पीकर मैंने उनका धन्यवाद किया और बाहर निकल गया। वह तो तितली रानी की पुस्तकें लेनी थी इसलिए व्यर्थ प्रलाप झेलता रहा। नहीं तो मैंने अपने पत्रकारिता जीवन में कभी किसी का इंतजार नहीं किया। समय से काम कीजिए और रास्ता नापिए। अपने जीवन का यही फंडा है। खैर बाहर निकल कर हमने एक बार फिर उस प्रकाशन स्टॉल और तितली रानी द्वारा दी गई किताबों की सूची पर निगाह डाली। फिर यह सोचकर दूसरे प्रकाशन के स्टॉल के लिए चल पड़ा कि वापसी में ये किताबें ले लूंगा। किताबें खरीदते-खरीदते मैं माक्र्स विचार धारा को समर्पित साथियों के स्टॉल पर पहुंचा। मनपसंद रूसी साहित्यकारों की किताबें बटोरता गया। यहां किताबें अधिक हो गईं और पैसे कम पड़ गए। फिर भी सर्वाधिक आठ-दस किताबें मैंने यहीं से खरीदी। जेब में और पैसे होते तो कुछ और किताबें खरीदता, ऑर्डर दे देता। फिर भी इसी बात से दिल को दिलासा दिया कि जब पैसे ही नहीं हैं तो सोचने से क्या फायदा। अब तक मेरी हालत और बिगड़ चुकी थी। पीठ, कमर और पैर में बेतहाशा दर्द हो रहा था। पैर सूज चुके थे, जिसके कारण जूता कसता जा रहा था। मन में फिर एक उम्मीद जगी। अमित ने खाने का न्योता दिया था। फिर एक दुर्भाग्य, मैंने दूसरा मोबाइल इसलिए घर छोड़ दिया कि खामख्वाह क्यों इसे ले जाऊं? उसी में अमित और कुछ अन्य दोस्तों के नंबर थे। सत्यम से मैंने संदीप का नंबर लिया। बात की तो पता चला, जनाब की तबीयत नासाज थी। मैंने सोचा- क्यों इन्हें तकलीफ दूं। फिर रविकांत ओझा का नंबर याद आया। फोन किया तो साहब घर पर ही थे, लेकिन बाजार जाने की तैयारी कर रहे थे। मैंने कह दिया कि शाम को आपके यहां आ रहा हूं। बंधुवर ने बताया कि वे कमरा शिफ्ट कर चुके हैं। हमने तितली रानी से जो बैग लिया था उसमें किताबें ठूंसी और बाकी कैरी बैग में डालकर रविकांत के घर के लिए चल पड़े।
अब हमें क्या पता था कि मेले से से बाहर निकलना इतना दुष्कर कार्य है। यह स्थान महरौली की भूल भुलैया से कम नहीं था। आधा घंटे तक चलता रहा, लेकिन बाहर का रास्ता नहीं मिला। किसी से पूछता तो वह वही रास्ता बताता जिस रास्ते से मैं वहां तक आया था। मेरी हालत बिगड़ती जा रही थी, लेकिन यह सोचकर मन को दिलासा दे रहा था कि बाहर निकलने के लिए मैं अकेले नहीं भटक रहा हूं। सभी की हालत ऐसी ही है। कोई बाहर निकलने का रास्ता पूछने में संकोच कर रहा है तो कोई यह सोचकर खड़ा है कि दूसरा रास्ता पूछ ही रहा है, उसी के पीछे बाहर निकल जाऊंगा। कुछ की तो हालत ऐसी थी कि मत पूछिए। एक ही रास्ते पर पेंडुलम की तरह झूल रहे थे। त्रिशंकु बने हुए थे। न इधर के , न उधर के। मैं सोच रहा था कि कोई स्टाफ मिल जाए तो उसी से पूछ लूं।
एक सज्जन को दो नंबर गेट जाना था। एक व्यक्ति ने रास्ता बताया। कुछ दूर तक पत्नी के साथ वे आगे गए, लेकिन दूसरे व्यक्ति ने पीछे का रास्ता बता दिया तो उल्टे पांव लौट पड़े। लोग पुस्तक मेला घूमने में उतना नहीं थके होंगे, जितना बाहर निकलने की कसरत में। मैं करीब 5:15 बजे से पिंजरे में कैद पंछी की तरह आजाद गगन में निकल भागने को फडफ़ड़ा रहा था। लेकिन छह बजे तक निकल नहीं पाया था। वैसे भी पता नहीं क्यों शाम होते ही मेरे दिमाग की बत्ती गुल हो जाती है (उसी तरह जैसे एक फिल्म में कादर खान को शाम होते ही दिखाई देना बंद हो जाता था)। हालांकि मुझे दिखाई तो देता है (लेकिन दूर का धुंधला) पर जब कुछ सोचता हूं तो परिणाम उल्टा ही निकलता है। करीब 6:15 बजे प्रगति मैदान के बाहर निकल कर मैंने दो टिक्कियां खाईं। वह भी इस डर से कि कहीं माइग्रेन न उपट जाए। हुआ भी यही। बाहर घंटा भर से अधिक देर तक इंतजार करता रहा। न तो कोई ऑटो बस अड्डे के लिए मिली और न कोई बस आई। आखिरकार एक बस मिली और मैं उसमें चढ़ गया। जेब से पैसे निकाल लिए ताकि कंडक्टर को तकादा करने की नौबत नहीं आए। फिर एक सीट खाली हुई तो उस पर बैठ गया। राजघाट रोड पर पहुंंचा ही था कि बस अड्डे से काफी पहले एक रेड लाइट पर उतर गया। पता नहीं क्यों मुझे लगा कि 100 मीटर दूर बस अड्डा है और हरियाणा, पंजाब और हिमाचल जाने वाली बसें बाहर निकल रही हैं। रेड लाइट पर पहुंचा तो गलती का अहसास हुआ। बस अड्डा तो काफी आगे है। भागकर एक बस में चढ़ा तो कंडक्टर ने पांच रुपए का टिकट फाड़कर थमा दिया। कमबख्त ने लेकिन उतारा तो पिछले गेट पर। मुझसे जहां एक कदम नहीं चला जा रहा था वहां अब इतना लंबा रास्ता पार करके बस अड्डे में जाना था। शक्ति संचय करने के लिए एक सिगरेट जलाई। थोड़ी ऊर्जा बटोरकर अंदर गया, लेकिन काउंटर पर पहुंच कर पता चला कि पानीपत जाने वाली किसी बस में सीट नहीं है। इस बीच लगातार रवि का फोन आ रहा था। अपनी लाचारी से दो-चार कराने में बाद मैंने अपने सखा से माफी भी मांग ली, लेकिन उनके पास नहीं जाने का अफसोस भी था। मैं तो यही सोचकर नहीं गया कि ऐसी दुर्गति कराकर क्यों उन्हें भी परेशान करूं? पर अफसोस होना था तो हो रहा था। सुबह से परेशानी झेलते-झेलते शाम हो गई। इससे तो अच्छा था कि रवि के घर ही चला जाता। कम से कम आराम से सो तो जाता। पर देर हो चुकी थी। मुझमें इतनी हिम्मत नहीं थी कि मैं कुछ सोच भी सकूं, दो कदम चलना तो दूर की बात। पता नहीं कब बस मिलेगी? मिलेगी भी या नहीं? खाना कहां खाऊंगा? तबीयत ज्यादा खराब हो गई तो? इससे भी बड़ी चिंता यह कि कहीं मुझे आंख लग गई और कोई किताबें ले उड़ा तो? तितली क्या मानेगी कि मैं सच कह रहा हूं? वह तो ठगा सा महसूस करेगी। मन में उभर रहे विचार ने मुझे बेचैन कर दिया। मैंने मन ही मन कहा- अम्बे! सारी परेशानियां के मेरे ही हिस्से में डाल दी है तुमने। अब पानीपत कैसे जाऊंगा? खड़ा होकर जाने की हिम्मत तो दूर घंटे भर से अधिक बैठ भी नहीं सकता। फिर यह सोचकर बस अड्डे बाहर निकल आया कि पंजाब रोडवेज या चंडीगढ़ जाने वाली बस में बैठ जाऊंगा। भगवती की कृपा से बाहर ज्यादा देर खड़ा नहीं रहना पड़ा। पंजाब रोडवेज की बस में चढ़ गया। करीब 7:15 बजे बस में बैठा था और 9 बजे तक यह पता नहीं चल पाया कि मैं कहां तक पहुंचा हूं। मन लगाने के लिए मैं अपने दोस्तों को मैसेज करने लगा। रह-रह कर ड्राइवर और बस की रफ्तार पर भी निगाह डालता। बाहर देखने की कोशिश करता, लेकिन चारों तरफ अंधेरे के चलते पता नहीं चल पा रहा था कि हम कहां तक पहुंचे हैं। अब तो मेरा बैठना भी मुहाल था। मैंने बस रुकवाई- चलते-चलते ड्राइवर को कहा, भाई आप में गज़ब का पेशेंस है। काश! भगवान मुझे भी इतना धैर्यवान बनाता। वह सोच रहा होगा कि पता नहीं मैं क्या बोल रहा हूं, शायद पागल भी समझा हो। यह समालखा था। मैंने फिर माथा ठोक लिया। कुछ देर और बैठा रहता तो पानीपत नहीं आता क्या? यहां से मैंने हरियाणा रोडवेज की बस पकड़ी, 20 मिनट में ही उसने पानीपत में उतार दिया। बोले तो... एकदम क्रैक सेवा। ऐसा लग रहा था कि ड्राइवर घर में पत्नी से झगड़कर और ठानकर निकला हो कि उसे विधवा बना के ही दम लेगा। बस अड्डे पर रिक्शेवालों को देखकर मुझे बड़ी आत्मिक  शांति मिली। लेकिन यह क्या? मुझसे तो चला ही नहीं जा रहा था। पीड़ा अपने चरमोत्कर्ष पर थी। रिक्शावालों से पूछा तो कोई 50 रुपए मांगे तो कोई पूछे सेक्टर 6 किधर है। पांच-सात मिनट तक मगजमारी करने के बाद मैंने अनुज लोकेश को फोन किया, लेकिन वह एडीशन में व्यस्त था। फिर अपने डिस्ट्रिक्ट आईकॉन (हाल ही में एक संस्था ने उन्हें यह उपाधि दी है) अजय राजपूत से कहा कि भाई, मैं नहीं चाहता कि भरी जवानी में भगवान मुझे उठाए। तुम ही उठाने आ जाओ। अपने द्विचक्र वाहन पर लादकर ले जाओ। उन्होंने तत्काल एक साथी को भेज दिया। भला हो उसका, मुझे घर तक पहुंचा दिया। अब इतनी हिम्मत नहीं थी कि कुछ बना सकूं। एक कोशिश की, लेकिन दो पल में ही हिम्मत जवाब दे गई। सोने गया तो नींद नहीं आई। फिर कब सोया, पता नहीं।

शनिवार, 30 जनवरी 2010

घो घो रानी कितना पानी